48 घंटे की चुनौती, हर छात्र का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन
48 घंटे की चुनौती, हर छात्र का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन 48 घंटे की चुनौती, हर छात्र का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन48 घंटे की चुनौती, हर छात्र का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइ

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले एक भी छात्र का शैक्षणिक रिकॉर्ड अब पोर्टल से बाहर नहीं रहेगा। शिक्षा विभाग ने यू-डायस पोर्टल पर सभी नामांकित छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत डाटा अपलोड कराने के लिए सख्त अभियान शुरू कर दिया है। दो दिन के विशेष अभियान के बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर विभाग ने अब अंतिम 48 घंटे का समय तय करते हुए सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को हर हाल में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों का पूरा विवरण यू-डायस पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से पूर्व में सभी प्रखंडों में प्रधानाध्यापकों की बैठक और विशेष कैंप आयोजित किए गए थे। लेकिन समीक्षा में यह स्पष्ट हुआ कि कई विद्यालयों का डाटा अभी भी पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका है। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने एक बार फिर 8 और 9 सितंबर को विशेष कैंप लगाने का आदेश दिया है。
भविष्य की शैक्षणिक योजनाएं
इन दो दिनों के दौरान सभी प्रधानाध्यापकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और निजी विद्यालयों के सभी नामांकित छात्र-छात्राओं का डाटा हर हाल में पोर्टल पर दर्ज करना होगा। विभाग का मानना है कि यू-डायस पोर्टल पर सही और अद्यतन आंकड़े उपलब्ध रहने से विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का आकलन आसान होगा। इसी आधार पर शिक्षकों की आवश्यकता, आधारभूत संरचना, छात्रवृत्ति, पुस्तक वितरण, मध्याह्न भोजन, योजनाओं के बजट और भविष्य की शैक्षणिक योजनाएं तैयार की जाती हैं।
अनुशासनात्मक कार्रवाई का अनुमान
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित 48 घंटे के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर इसे सामान्य चूक नहीं माना जाएगा। इसे कार्य में घोर लापरवाही, शिथिलता और विभागीय आदेशों की अवहेलना मानते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान की सतत निगरानी के लिए एमआईएस संभाग प्रभारी और प्रखंड समन्वयकों को भी प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन
समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) पंकज कुमार ने कहा कि यू-डायस पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा अपलोड कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 48 घंटे के भीतर शेष सभी विद्यार्थियों का डाटा अपलोड सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन डाटा ही शिक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


