अप्रशिक्षित शिक्षकों को डीएलएड का मौका
राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों की डीएलएड योग्यता को लेकर शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। 31 मार्च 2015 से पहले नियुक्त शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक योग्यता हासिल करने का अंतिम अवसर दिया गया है। वहीं, उसके बाद नियुक्त शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

खजौली, निज प्रतिनिधि। राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों की डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) योग्यता को लेकर शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। सर्वोच्च न्यायालय के 28 जुलाई 2026 के आदेश के आलोक में प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके तहत 31 मार्च 2015 तक सेवा में आ चुके अप्रशिक्षित प्रारंभिक शिक्षकों को डीएलएड की योग्यता हासिल करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक का अंतिम अवसर दिया गया है। वहीं, 31 मार्च 2015 के बाद बिना निर्धारित प्रशिक्षण योग्यता के नियुक्त किए गए अप्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति अवैध मानी जाएगी और उनकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक द्वारा इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में सिविल अपील, अब्दुल बाकी अंसारी एवं अन्य बनाम भारत संघ एवं अन्य तथा तंजीम रेजा एवं अन्य बनाम भारत संघ एवं अन्य समेत संबद्ध मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का हवाला दिया गया है。
2015 की तारीख को बनाया गया कट ऑफ
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार 31 मार्च 2015 कट ऑफ डेट के रूप में निर्णायक है। इस तिथि तक सेवा में रहे ऐसे शिक्षक, जिनके पास न्यूनतम प्रशिक्षण योग्यता नहीं थी, उन्हें निर्धारित अवधि में डीएलएड हासिल करना अनिवार्य होगा। सर्वोच्च न्यायालय ने ऐसे शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक योग्यता प्राप्त करने का अवसर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद समय विस्तार के लिए कोई और प्रार्थना स्वीकार नहीं की जाएगी।
बर्खास्त शिक्षकों को फिर सेवा में लेने का निर्देश
जिन अप्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति 31 मार्च 2015 से पहले हुई थी, लेकिन पटना हाईकोर्ट के 20 मार्च 2024 के आदेश के अनुपालन में उनकी सेवा समाप्त कर दी गई थी, उन्हें भी पुन: सेवा में लेने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे शिक्षक पुन: सेवा में आने के बाद निर्धारित अवधि में डीएलएड की योग्यता हासिल कर सकेंगे।
31 मार्च 2015 बाद की नियुक्तियों पर कार्रवाई
विभाग ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 31 मार्च 2015 के बाद बिना आवश्यक प्रशिक्षण योग्यता के नियुक्त अप्रशिक्षित प्रारंभिक शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित करें। विभाग के पत्र में कहा गया है कि बाद में प्रशिक्षण योग्यता हासिल कर लेने मात्र से ऐसी नियुक्तियों को वैध नहीं माना जा सकता।


