दिल्ली के रॉकलैंड्स अस्पताल की 158 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दक्षिण दिल्ली के ‘रॉकलैंड्स हॉस्पिटल्स लिमिटेड’ की 158 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में धनशोधन जांच के तहत की गई है, जिसमें अस्पताल के प्रवर्तकों पर 71 कागजी कंपनियों के जरिए फर्जी बिल बनाने का आरोप है।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दक्षिण दिल्ली स्थित निजी अस्पताल ‘रॉकलैंड्स हॉस्पिटल्स लिमिटेड’ की 158 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली। कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में धनशोधन जांच के तहत यह कार्रवाई की गई है। ईडी अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक बयान में बताया गया कि यह मामला कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत आने वाले ‘सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस’ (एसएफआईओ) द्वारा जनवरी 2020 में दायर आरोपपत्र पर आधारित है। बताया गया कि अस्पताल के प्रवर्तकों पर आरोप है कि उन्होंने 71 कागजी कंपनियों के नाम इस्तेमाल करके 76.03 करोड़ रुपये के मेडिकल इम्प्लांट के लिए फर्जी बिल बनवाए थे।
इन बिलों को अपनी ही एक अन्य कंपनी ‘सौम्या कंस्ट्रक्शन्स’ के जरिये अस्पताल के निर्माण की लागत में जोड़ा गया। इस तरह निर्माण लागत बढ़ाई हुई दिखाकर ‘रॉकलैंड्स हॉस्पिटल्स लिमिटेड’ से 82.34 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। आरोपियों ने अवैध धन के स्रोत को छिपाने के लिए कई कागजी कंपनियों के नामों का इस्तेमाल किया। ईडी की कार्रवाई को लेकर अस्पताल प्रबंधन से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


