क्रिप्टो धोखाधड़ी मामले में 55 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई में 55.50 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। यह कार्रवाई क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी मामले में धनशोधन जांच के तहत की गई है। आरोप है कि ज्यूरिया परिवार ने निवेशकों को उच्च रिटर्न का वादा करते हुए 84 करोड़ रुपये जुटाए।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बताया कि एजेंसी ने मुंबई में बैंक खाते और 12 से अधिक दुकानों और फ्लैटों को अस्थायी रूप से जब्त किया है। इनकी कीमत 55.50 करोड़ है। एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में धनशोधन जांच के तहत की गई है। एजेंसी के अनुसार, यह संपत्तियां ज्यूरिया सर्विसेज क्लब इंडिया, विवा कार्ड रिटेल सर्विसेज, सुभाष चंद्र रामरतन ज्यूरिया और चिराग रामरतन ज्यूरिया की हैं, जिन्होंने एटीसी कॉइन नाम की क्रिप्टोकरेंसी लॉन्च की थी। आरोप है कि ज्यूरिया परिवार ने लोगों को ज्यादा रिटर्न का भरोसा देकर क्रिप्टो में निवेश कराया और 84 करोड़ की रकम ज्यूरिया सर्विसेज क्लब इंडिया के खाते में डाल दी।
बाद में इस रकम को कई खातों में इधर-उधर किया गया और कुछ हिस्सा चार आवासीय फ्लैट और 11 दुकानें खरीदने में खर्च की गई।


