ईडी ने कोयला चोरी मामले में 136.44 करोड़ की संपत्ति जब्त की
ईडी ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के लीज वाले क्षेत्रों में कथित अवैध कोयला खनन और चोरी से जुड़े मामले में पीएमएलए के तहत 136.44 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त संपत्तियों में होटल, रिसॉर्ट, कोलकाता की संपत्तियां, बैंक खातों की रकम और निवेश शामिल हैं। इस मामले में कुल जब्ती 815.08 करोड़ रुपये हो गई है। जांच जारी है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में हो रही बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और चोरी के मामले में 136.44 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। ईडी ने यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की है। एजेंसी के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियां अपराध से अर्जित आय का हिस्सा हैं। इनमें पुरुलिया स्थित गढ़ पंचकोट इको टूरिज्म और बांकुड़ा स्थित बिहारीनाथ इको टूरिज्म के होटल व रिसॉर्ट, कोलकाता में दो संपत्तियां, शेल कंपनियों के बैंक खातों में जमा रकम तथा माझी परिवार के सदस्यों के शेयर और म्यूचुअल फंड में किए गए निवेश शामिल हैं। मामले की जांच अभी जारी है। ईडी ने एक बयान जारी कर कहा कि यह कार्रवाई ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के लीज वाले क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध कोयला खनन और चोरी की चल रही जांच के सिलसिले में की गई है। आरोप है कि इन अवैध गतिविधियों को अनूप माझी उर्फ लाला के नेतृत्व वाले एक सिंडिकेट द्वारा अंजाम दिया जा रहा था।
अवैध खनन और सिंडिकेट की भूमिका
जांच के दौरान पता चला है कि यह सिंडिकेट कोयले के अवैध खनन और बड़े पैमाने पर चोरी में शामिल था। आरोप है कि स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की सक्रिय मदद से इस कोयले को पश्चिम बंगाल की विभिन्न फैक्ट्रियों को नकद बेच दिया जाता था। इससे प्राप्त अवैध कमाई को छिपाने और उसके स्रोत को उलझाने के लिए सिंडिकेट ने कई फर्जी या शैल कंपनियों का इस्तेमाल किया था। ईडी का कहना है कि इन कंपनियों का असली मालिक और नियंत्रक अनूप माझी था, लेकिन इन्हें उसके रिश्तेदारों, कर्मचारियों और करीबी सहयोगी गुरुपदा माझी के नाम पर रखा गया था।
कुल जब्ती 815.08 करोड़ रुपये
कोयले की अवैध बिक्री से मिले नकद को इन कंपनियों के जरिए अकोमोडेशन एंट्री के रूप में घुमाया गया और उनके बैंक खातों में जमा कर दिया गया, ताकि पैसे के असली स्रोत और मालिक का पता न चल सके। इससे पहले ईडी इस मामले में 678.64 करोड़ रुपये की सपंत्ति को पहले ही जब्त कर चुका है।अब 136.44 करोड़ रुपये की इस नई जब्ती के साथ, इस मामले में कुल जब्त की गई राशि 815.08 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। ईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। कुछ और संपत्ति व दस्तावेज जब्त किए जा सकते हैं।

