फेरी लगाने वाले के घर ईडी का छापा, 18 घंटे से हो रही जांच
फतेहगंज पश्चिमी के चिटौली गांव में फेरी लगाने वाले पोशाकी लाल मौर्य के घर ईडी ने छापेमारी की। अधिकारियों ने सुबह पांच बजे से रात 11 बजे तक परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पोशाकी लाल के बैंक खाते में बड़े लेनदेन की जांच की जा रही है, लेकिन आधिकारिक जानकारी अभी तक जारी नहीं हुई है।

फतेहगंज पश्चिमी/बरेली। चिटौली गांव में फेरी लगाकर गुजरबसर करने वाले पोशाकी लाल मौर्य के घर बुधवार सुबह करीब पांच बजे ईडी की टीम ने छापेमारी की। कड़ी सुरक्षा में सुबह से रात करीब 11 बजे तक घर के सदस्यों से पूछताछ जारी रही। बताया जा रहा है कि पोशाकी लाल के बैंक खाते में हुए बड़े धनराशि के लेनदेन ने ईडी का ध्यान खींचा है। टीम रकम के स्रोत और उसके लेनदेन से जुड़े कनेक्शन खंगाल रही है। हालांकि, कार्रवाई की वजह और खाते में लेनदेन की रकम को लेकर ईडी की ओर से देर रात तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई।
जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम सुबह करीब पांच बजे चिटौली गांव पहुंची। उस समय पोशाकी लाल घर पर मौजूद नहीं थे। टीम ने ग्राम प्रधान अनुज सिंह के माध्यम से उन्हें घर बुलवाया। उनके पहुंचने के बाद अधिकारी घर के अंदर गए और मुख्य दरवाजा बंद कर लिया।जांच के दौरान परिवार के सदस्यों को बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई।ग्राम प्रधान ने टीम के अधिकारियों से कार्रवाई की वजह जानने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारियों ने जांच के संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। पोशाकी लाल गांव में फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। इसके अलावा घर पर छोटी परचून की दुकान भी चलाते हैं। उनके दोनों बेटे परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं। ऐसे परिवार के घर अचानक ईडी की टीम पहुंचने की खबर से गांव में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।


