ईडी ने धनशोधन मामले में महाराष्ट्र, गुजरात में छापेमारी की
प्रवर्तन निदेशालय ने दो सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में कथित हेरफेर और धनशोधन की जांच के तहत महाराष्ट्र और गुजरात के छह शहरों में छापेमारी की। आरोप है कि कंपनियों ने चुनिंदा लोगों को 3.5 करोड़ से अधिक शेयर और वारंट जारी किए तथा आपसी जुड़े समूहों ने शेयरों की कीमत बढ़ाई। ईडी के अनुसार, इस कथित गड़बड़ी से एक लाख से अधिक छोटे निवेशकों को नुकसान हुआ।

मुंबई, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दो सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में कथित हेरफेर से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत शुक्रवार को महाराष्ट्र और गुजरात के कई शहरों में छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह दावा किया गया है कि अप्रैल, 2023 और मार्च, 2024 के बीच दो कंपनियों ने चुनिंदा व्यक्तियों और संस्थाओं को 3.5 करोड़ से अधिक शेयर और परिवर्तनीय वारंट जारी किए थे, जिनमें से एक महाराष्ट्र और दूसरी गुजरात में स्थित है। इन शेयर के लिए भुगतान की गई राशि का एक बड़ा हिस्सा आपस में जुड़े व्यक्तियों, फर्मों और कर्जदाताओं के एक छोटे से दायरे से आया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि शेयर की कीमतों को लगातार बढ़ाया गया, जबकि शेयर काफी हद तक उन्हीं लोगों के पास बने रहे। ईडी का अनुमान है कि एक लाख से अधिक छोटे निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा, क्योंकि उनके पास ऐसे शेयर रह गए जिन्हें बेचा नहीं जा सकता था। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने मुंबई, नासिक, अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत और भावनगर में दोनों कंपनियों के प्रवर्तकों के आवासों की तलाशी ली।

