जवाब दाखिल नहीं करने पर हेमंत सोरेन पर 10 हजार का हर्जाना
ईडी अधिकारियों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज करायी है प्राथमिकी, इसके खिलाफ ईडी अधिकारियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, पूर्व में भी हेमंत सोरेन ने

रांची, विशेष संवाददाता। ईडी अधिकारियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने की मांग वाली याचिका पर गुरुवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हेमंत सोरेन की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से दोबारा समय मांगा गया। अदालत ने समय तो दिया, लेकिन उन पर 10 हजार रुपए का हर्जाना भी लगाया। अदालत ने जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए दो नवंबर की तारीख निर्धारित की है। यह मामला ईडी के तत्कालीन अधिकारियों कपिल राज, देवव्रत झा सहित अन्य की ओर से दाखिल याचिका से जुड़ा है। अधिकारियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर हेमंत सोरेन की ओर से दर्ज करायी गयी प्राथमिकी को रद्द करने की मांग की है। याचिका में प्राथमिकी की कार्रवाई और उसके आधार पर की जा रही जांच को चुनौती दी गयी है。
उत्पीड़न का आरोप लगाकर दर्ज करायी गई थी प्राथमिकी
हेमंत सोरेन की ओर से ईडी अधिकारियों पर पूछताछ और कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इसी प्राथमिकी के खिलाफ ईडी के अधिकारियों ने हाईकोर्ट का रुख किया है। अधिकारियों की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने के साथ-साथ उसके आधार पर चल रही जांच की कार्रवाई को भी चुनौती दी गयी है। इससे पहले हाईकोर्ट ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ पुलिस की ओर से जारी नोटिस पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा था।

