पूर्व मंत्री की कंपनी ने ममता के खातों में 30 लाख रुपये भेजे : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के दुर्गा पूजा प्रीव्यू शो मामले में जांच के दौरान पाया कि उनकी कंपनी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खातों में 30 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस राशि को रॉयल्टी बताया गया। एजेंसी ने सेन से पूछताछ की और उनके खिलाफ धनशोधन मामले में कार्रवाई की।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से जुड़े दुर्गा पूजा ‘प्रीव्यू शो’ मामले में जांच के दौरान पता चला कि उनकी कंपनी ने 30 लाख रुपये पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बैंक खातों में ट्रांसफर किए थे। जांच एजेंसी ने कहा कि सेन ने दावा किया कि यह राशि रॉयल्टी के रूप में दी गई थी। ईडी ने इस सप्ताह की गई तलाशी के बाद सेन से जुड़े परिसर पर छापेमारी की और कोलकाता स्थित अपने कार्यालय में उनसे पूछताछ की। ममता बनर्जी-नीत तृणमूल के प्रवक्ता साकेत गोखले ने ईडी की आलोचना करते हुए उस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
धनशोधन का यह मामला बऊबाजार थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। इसमें सेन, उनकी पत्नी और अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 2022 से 2025 के बीच मासआर्ट के जरिए जनता से यह झूठा दावा करते हुए धन एकत्र किया कि यह यूनेस्को द्वारा प्रायोजित संस्था है और बाद में इन पैसों का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया।ईडी ने दावा किया कि पूर्ववर्ती टीएमसी सरकार में मंत्री रहे इंद्रनील सेन ने 85 करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर अपने करीबी सहयोगियों की कंपनियों को दिए थे। एजेंसी के अनुसार, इन कंपनियों ने बाद में बड़ी रकम सेन के रिश्तेदारों द्वारा नियंत्रित संस्थाओं को हस्तांतरित की। जांच में सामने आया है कि सेन के स्वामित्व वाली कंपनी के बैंक खातों में इस दौरान 3.8 करोड़ रुपये से अधिक नकद जमा किए गए। एजेंसी के मुताबिक, इसी खाते से करीब 30 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम से तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हस्तांतरित किए गए।

