बैंक खातों की पड़ताल में खुलेगी घोटाले की रकम
- एनएचएआई के टोल प्लाजा पर टैक्स वसूली में धांधली का मामला - ईडी

लखनऊ, विशेष संवाददाता
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन बनाकर एनएचएआई के अलग-अलग टोल प्लाजा पर करोड़ों की ठगी के मामले में आरोपितों व उनके जुड़े लोगों के बैंक खातों की छानबीन तेज की है। बैंक खातों की पड़ताल से घोटाले की कुल रकम सामने आएगी। सूत्रों के अनुसार 100 से अधिक बैंक खातों की छानबीन की जा रही है। मामले की शुरुआत में 100 करोड़ रुपये से अधिक के घपले की बात सामने आई थी।
जांच कार्यवाही
ईडी ने मामले में आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 1.03 करोड़ रुपये नगद बरामद किए थे। आठ बैंक लाकर फ्रीज कराए जाने के साथ ही बड़ी संख्या में दस्तावेज, अकाउंट बुक, वित्तीय रिकार्ड और कई इलेक्ट्रानिक डिवाइस कब्जे में ली गई थी। इनके माध्यम से घपले की रकम का पता लगाने के साथ ही इनसे खरीदी गई संपत्तियों को भी चिन्हित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
धांधली की जानकारी
एसटीएफ ने 22 जनवरी 2025 को मिर्जापुर में एनएचएआई के अतरैला स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली में धांधली का मामला पकड़ा था। जांच में यूपी समेत 14 राज्यों में अनधिकृत सॉफ्टवेयर के माध्यम से टोल टैक्स की वसूली में धांधली सामने आई थी। ईडी ने पुलिस की एफआईआर को आधार बनाकर मामले में छानबीन शुरू की थी।


