पैनकार्ड क्लब्स मामले में ईडी ने 646.58 करोड़ की संपत्तियां कुर्क कीं
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पैनकार्ड क्लब्स लिमिटेड के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत 646.58 करोड़ रुपये मूल्य की 211 अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। ये संपत्तियां विभिन्न राज्यों में स्थित हैं। ईडी ने जांच एक प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी, जिसमें आरोपियों ने अवैध पोंजी योजनाएं चलाकर निवेशकों से धोखाधड़ी की है।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पैनकार्ड क्लब्स लिमिटेड के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत 646.58 करोड़ रुपये मूल्य की 211 अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कुर्क की गई संपत्तियों में महाराष्ट्र, केरल, उत्तराखंड, गोवा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और दादरा एवं नगर हवेली में स्थित वाणिज्यिक कार्यालय, लग्जरी होटल, रिसॉर्ट, कृषि भूमि और आवासीय संपत्तियां शामिल हैं। ये संपत्तियां पैनकार्ड क्लब्स लिमिटेड (पीसीएल), पैनोरमिक यूनिवर्सल लिमिटेड, उनकी विभिन्न सहायक कंपनियों तथा परिवार के सदस्यों और लाभार्थी मालिकों के नाम पर हैं।
जांच की पृष्ठभूमि
ईडी ने यह जांच मुंबई के दादर पुलिस थाने में पैनकार्ड क्लब्स लिमिटेड और अन्य के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी।
धोखाधड़ी के आरोप
केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि आरोपी संस्थाओं ने ‘सेल ऑफ रूम नाइट्स’ और टाइमशेयर हॉलिडे सदस्यता की आड़ में अवैध पोंजी योजनाएं चलाईं और फर्जी रिटर्न का वादा कर देशभर में 51 लाख से अधिक निवेशकों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाया। ईडी के अनुसार, पीसीएल ने 1997-98 से 2017-18 के बीच निवेशकों से धोखाधड़ी से 9,577 करोड़ रुपये एकत्र किए।
धोखाधड़ी का वित्तीय विवरण
कुल राशि में से केवल 2,858 करोड़ रुपये जमाकर्ताओं को लौटाए गए, जबकि 2,332 करोड़ रुपये एजेंटों को कमीशन के रूप में दिए गए। शेष 4,387 करोड़ रुपये आरोपी संस्थाओं और प्रमुख व्यक्तियों के पास रखे गए तथा उनका अन्यत्र इस्तेमाल किया गया। ईडी की जांच में आगे पता चला कि अवैध धन को विभिन्न फर्जी और मुखौटा कंपनियों के जरिए इधर-उधर किया गया।

