जमीन मामले में प्राधिकरण के कर्मचारियों से पूछताछ
नोएडा में महिर्षि आश्रम की जमीन पर अवैध निर्माण और खरीद-बिक्री के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने जांच को तेज कर दिया है। ईडी ने दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में 2019 से 2023 के बीच तीन हजार बीघा जमीन बिक्री के दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। महर्षि आश्रम की जमीन पर अवैध निर्माण और उसकी खरीद-बिक्री के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच तेज हो गई है। सोमवार को ईडी ने नोएडा प्राधिकरण के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर देर रात तक पूछताछ की। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आश्रम की जमीन की खरीद-बिक्री और उस पर निर्माण की गतिविधियों में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों की क्या भूमिका रही। जानकारी के मुताबिक पूछताछ में 2019 से 2023 के बीच आश्रम से जुड़ी करीब तीन हजार बीघा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जांच के दायरे में हैं। आरोप है कि इस अवधि में जमीन के अलग-अलग हिस्सों की बिक्री होती रही और कुछ स्थानों पर बिल्डरों ने फ्लैट और विला तथा कॉलोनाइजरों ने अवैध कॉलोनियां विकसित कीं। ईडी जमीन की बिक्री से हुए लेनदेन और उससे जुड़े पैसों के प्रवाह की भी जांच कर रही है। दावा है कि प्राधिकरण कार्यालय में जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण को लेकर शिकायतें पहुंचती रहीं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जांच में इस पहलू को भी देखा जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने स्तर पर क्या कार्रवाई की और कहीं जानबूझकर अनदेखी तो नहीं की गई। अधिकारियों पर आर्थिक लाभ लेने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। हालांकि आरोपों की पुष्टि ईडी के अधिकारियों ने अभी तक नहीं की है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान कर्मचारियों के सामने दस्तावेज और अन्य साक्ष्य रखे गए। इसके बाद उनसे वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका और उनके लिए किए गए कामकाज के बारे में जानकारी ली गई। जांच एजेंसी कैश लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने के लिए आयकर विभाग की इनवेस्टिगेशन विंग से भी सहयोग ले रही है。
छह महीने से जुटाए जा रहे साक्ष्य:
ईडी पिछले करीब छह महीने से मामले से जुड़े ऑनलाइन और ऑफलाइन साक्ष्यों को जुटा रही थी। सोमवार को कर्मचारियों से पूछताछ के बाद प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों में हलचल की स्थिति रही। कुछ अधिकारियों के कार्यालय नहीं आने और कुछ के फोन बंद होने की भी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी जमीन की खरीद-बिक्री और निर्माण गतिविधियों में मध्यस्थों की भूमिका भी खंगाल रही है।


