घोटाले के 880 करोड़ कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए थे : ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान कथित आबकारी घोटाले से मिले 860 से 880 करोड़ रुपये पार्टी पदाधिकारियों के जरिए रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए। एजेंसी के अनुसार, करीब 72 करोड़ रुपये पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के नियंत्रण में थे। ईडी ने उनके खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया और 9.06 करोड़ रुपये के दो फ्लैट अस्थायी रूप से कुर्क किए। अग्रवाल फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को दावा किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पिछली सरकार के दौरान कथित आबकारी घोटाले से अर्जित करीब 860 से 880 करोड़ रुपये पार्टी के पदाधिकारियों के माध्यम से रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए थे। केंद्रीय एजेंसी ने नौ अक्तूबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में एक नया पूरक आरोपपत्र दाखिल किया। एजेंसी ने बताया कि रायपुर के अनुपम नगर और कटोरा तालाब इलाकों में स्थित अग्रवाल के दो फ्लैट भी 10 अक्तूबर को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिए गए।
इनकी कीमत 9.06 करोड़ रुपये है। ईडी ने इस मामले में अगस्त में अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। एजेंसी ने दावा किया कि कथित शराब घोटाले से जुड़े करीब 860 से 880 करोड़ रुपये कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए थे, जिनमें से करीब 72 करोड़ रुपये अग्रवाल के नियंत्रण में रहे।

