ओजोन अर्बन डेवलपर्स के सीएमडी गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय ने ओजोन अर्बन इंफ्रा डेवलपर्स के सीएमडी एस. वासुदेवन को 927.22 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में गिरफ्तार किया। कंपनी ने ग्राहकों से वादे किए और प्री-कंस्ट्रक्शन ईएमआई का लालच देकर धोखा दिया। वासुदेवन को 30 सितंबर को गिरफ्तार किया गया और बाद में विशेष अदालत में पेश किया गया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने ओजोन अर्बन इंफ्रा डेवलपर्स प्रा. लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) और प्रमोटर एस. वासुदेवन को घर खरीदारों के साथ 927.22 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। वासुदेवन को 30 सितंबर को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी ओजोन अर्बन इंफ्रा डेवलपर्स प्रा. लिमिटेड और अन्य के खिलाफ चल रही धनशोधन जांच के सिलसिले में की गई। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि यह गिरफ्तारी एक चल रही जांच के बाद हुई है, जिसमें पता चला कि ओजोन कंपनी ने वासुदेवन के साथ मिलकर घर खरीदारों से 927.22 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
ईडी के बेंगलुरु जोनल ऑफिस ने वासुदेवन को गिरफ्तार किया और बाद में 1 अक्तूबर को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत में पेश किया, जिसने आगे की जांच के लिए 14 दिन की ईडी हिरासत की मंज़ूरी दी।ईडी ने कहा कि ओजोन कंपनी पर मुख्य आरोप यह है कि वह समय पर परियोजना पूरा करने में विफल रही और ग्राहकों को कब्ज़ा सौंपने में नाकाम रही। ईडी ने एक बयान में कहा कि आरोप है कि कंपनी ने घर खरीदारों को फ्लैट का कब्जा सौंपने तक प्री-कंस्ट्रक्शन ईएमआई चुकाने का लालच देकर भोले-भाले ग्राहकों को फंसाया। हालांकि, कंपनी अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही और प्रोजेक्ट व फ्लैट पूरे नहीं किए। बिल्डर ने न तो घर खरीदारों को रेजिडेंशियल यूनिट का कब्जा दिया और न ही उनकी जमा रकम वापस की, बल्कि शुरुआती बुकिंग अमाउंट/लोन की पूरी रकम का गलत इस्तेमाल किया।


