पीटीआर के डीएफओ को केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डीएफओ मनीष सिंह को नई दिल्ली में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा इको वरियर अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार वन और पर्यावरण क्षेत्र में उत्कृष्ठता के लिए जंगल प्रबंधन पर उनके कार्य की सराहना करता है। अन्य राज्यों के वनाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

पीलीभीत। इको वरियर अवार्ड 2026 के अंतर्गत पीलीभीत टाइगर रिजर्व में प्रोटेक्टेड एरिया मैनेजमेंट कैटेगरी में डीएफओ मनीष सिंह को नई दिल्ली में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सम्मानित किया। कुल आठ प्रदेश के वनाधिकारियों को खास समारोह में उनकी सेवाओं के लिए सराहे जाने से आने वाले दिनों में वन एवं पर्यावरण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य देखने को मिलने की उम्मीद है। नई दिल्ली में डीजी ऑफिस सभागार में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री यादव ने पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह समेत राजस्थान, बिहार, कर्नाटक, उड़ीसा, हिमाचल, चेन्नई और दिल्ली समेत यूपी के वनाधिकारियों को अलग अलग तौर पर सेवाए देने के लिए सराहा।
इससे पूर्व यह अवार्ड उप्र शासन में वन एवं पर्यावरण के एचओडी सुनील चौधरी को मिल चुका है। डीएफओ मनीष को वन क्षेत्र को सुरक्षित और संरक्षित रखने में उनके द्वारा किए गए प्रबंधन पर सम्मानित किया गया है। वर्ष 2023 से दिए जा रहे इंडिया मास्टर माइंड के चौथे संस्करण में भारतीय वन सेवा के अधिकारियों को लगातार प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल की गई है।


