पांच माह से मानदेय का इंतजार कर रहे ईसीसीई एजुकेटर
गोरखपुर में, परिषदीय विद्यालयों में बाल वाटिका के ईसीसीई एजुकेटर पिछले पांच महीनों से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। 226 एजुकेटरों को अप्रैल में नियुक्त किया गया था, लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द भुगतान और मानदेय बढ़ाने की अपील की है।

गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। परिषदीय विद्यालयों में संचालित बाल वाटिका के बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाल रहे ईसीसीई (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) एजुकेटर पांच माह से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। गोरखपुर में 226 ईसीसीई एजुकेटर की नियुक्ति अप्रैल में होने के बाद तैनाती तो दे दी गई, लेकिन अब तक मानदेय नहीं मिला है। बुधवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं संस्कृति केंद्र में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारंभ, यूपी कॉस पोर्टल-वेबसाइट की लॉन्चिंग और लोगो अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे ईसीसीई एजुकेटरों ने अपनी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल तक विद्यालयों में तैनाती दे दी गई थी।
कई एजुकेटरों को घर से 80 किलोमीटर तक दूर विद्यालय आवंटित किए गए हैं।सभी के लिए ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था है और 10 से 20 मिनट की देरी पर भी अनुपस्थित कर दिया जाता है। एजुकेटरों ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह 10,313 रुपये मानदेय निर्धारित है, जिसमें ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं भी शामिल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बकाया मानदेय जल्द जारी करने और उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की व्यवस्था के तहत मानदेय में बढ़ोतरी की अपील की।


