मधुपुर स्टेशन पर शुद्ध पानी की पुख्ता व्यवस्था
हिन्दुस्तान, देवघर
पूर्व रेलवे ने मधुपुर स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल शोधन और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था को मजबूत किया। पतरो नदी से पानी लाकर उसे शुद्ध किया जाता है। स्टेशन पर वाटर कूलर्स की संख्या बढ़ाकर नौ की गई है और नियमित रूप से पानी की गुणवत्ता की जांच की जाती है।

मधुपुर,प्रतिनिधि। पूर्व रेलवे ने मधुपुर स्टेशन पर यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलशोधन और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था मजबूत की है। पतरो नदी से रिवर बोरिंग के जरिये पानी लेकर फिल्टर हाउस में प्रेशर फिल्टर से शोधन किया जाता है। ब्लीचिंग पाउडर और एलम की निर्धारित मात्रा से क्लोरीनीकरण व गंदलापन कम किया जाता है। स्टेशन पर वाटर कूलरों की संख्या चार से बढ़ाकर नौ कर दी गयी है। फिल्टर हाउस और स्टेशन के पुराने ओवरहेड टैंकों को एसएमसी पैनलयुक्त टैंकों से बदला गया है। अवशिष्ट क्लोरीन की रोज जांच, प्रतिमाह जीवाणु विज्ञान जांच और समय-समय पर रासायनिक परीक्षण किया जाता है।
अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक के नवीनतम जल गुणवत्ता परीक्षण संतोषजनक रहे। यह जानकारी पूर्व रेलवे के सीपीआरओ शिबराम मांझी ने दी है।


