पूर्वी सिंहभूम में कुल 15.11 लाख मतदाता, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2183
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची 2026 के लिए प्रकाशित की गई है। इसमें नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुल 15,11,805 मतदाता हैं। विशेष शिविर 8-9 और 22-23 अगस्त को स्थानीय मतदान केंद्रों पर लगाए जाएंगे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई।
प्राथमिक जानकारी
इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने विस्तृत जानकारी दी।
मतदाता सत्यापन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले के 19,07,244 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इनमें 5,57,321 मतदाताओं का स्वयं, 7,53,556 का माता-पिता अथवा वंशज के माध्यम से सत्यापन हुआ, जबकि 2,00,928 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका। वहीं 3,95,439 मतदाताओं का सत्यापन नहीं होने के पीछे विभिन्न कारण रहे। इनमें 49,448 मृत, 1,83,558 अनुपस्थित, 1,45,462 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 3,382 अन्य श्रेणी तथा 13,589 पहले से पंजीकृत मतदाता शामिल हैं।
जिला की जनसंख्या
जिले में 15.11 लाख मतदाता
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार , जिले में कुल 15,11,805 मतदाता हैं। इनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला तथा 66 तृतीय लिंग मतदाता हैं। जिले में 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। वहीं मतदान केंद्रों की संख्या 1922 से बढ़ाकर 2183 कर दी गई है।
18 वर्ष की आयु
उन्होंने बताया कि 1 अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन 5 अगस्त से 3 अक्तूबर तक संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
विशेष शिविर
मतदाताओं की सुविधा के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी आवेदन स्वीकार करेंगे। वहीं, 25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। 15 अगस्त को पंचायत भवनों एवं शहरी वार्डों में ग्रामसभा और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्तूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न देने की अपील की।


