बिना कागजी कार्रवाई एनपीएस खाता तत्काल खुलेगा
शोल्डर ::: केवाईसी सत्यापिक बैंक खाते का होगा उपयोग नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय पेंशन

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में खाता खोलना अब पहले के मुकाबले आसान हो गया है। 'एनपीएस तत्काल' के तहत केवाईसी सत्यापित बैंक खाते का उपयोग कर यूपीआई ऐप के माध्यम से एनपीएस खाता खोला जा सकता है और यूपीआई के जरिए अंशदान भी किया जा सकता है। गुरुवार से यह सुविधा शुरू कर दी गई है। एनपीएस तत्काल में वही बैंक खाता इस्तेमाल किया जाएगा, जो केवाईसी से सत्यापित हो। इसलिए जिस बैंक खाते को ग्राहक भीम ऐप से जोड़ रहा है, उसका मोबाइल नंबर और बैंकिंग विवरण सही होना जरूरी है। भीम ऐप में बैंक खाता जोड़ने के लिए बैंक में पंजीकृत मोबाइल नंबर वाली सिम का इस्तेमाल करना होता है। एनपीसीआई के अनुसार, भीम ऐप में पहले बैंक खाता लिंक किया जाता है और उसके बाद यूपीआई लेनदेन की सुविधा मिलती है।
कागज लेकर बैंक जाने की जरूरत नहीं
‘एनपीएस तत्काल’ में बड़ा बदलाव यह है कि नया खाता खोलने के लिए ग्राहक को पहले अलग से ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत कम होगी। पहले एनपीएस खाता खोलने के लिए पंजीकरण और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या (पीआरएएन) जारी होती थी। इसके लिए केवाईसी और पहचान से जुड़े दस्तावेज की जरूरत होती है। ‘एनपीएस तत्काल’ में बैंक के पहले से सत्यापित खाते का इस्तेमाल होगा, इसलिए कागजी कार्रवाई से राहत मिलेगी।
कौन जुड़ सकता है
एनपीएस के ‘ऑल सिटिजन मॉडल’ में भारतीय नागरिकों के लिए स्वैच्छिक रूप से जुड़ने की सुविधा है। पीएफआरडीए के अनुसार पात्रता और केवाईसी शर्तें पूरी करने वाले लोग एनपीएस में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, ‘एनपीएस तत्काल’ के जरिये खाता खोलने के लिए फिलहाल वही ग्राहक पात्र होंगे, जिनके बैंक इस सुविधा से जुड़े हैं। फिलहाल एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक इस सुविधा से जुड़े हैं।
₹250 से शुरू कर सकते हैं निवेश
एनपीएस खाता खोलने के लिए न्यूनतम शुरुआती योगदान ₹250 है। यानी ग्राहक छोटी रकम से भी अपने सेवानिवृत्ति खाते की शुरुआत कर सकता है। पीएफआरडीए ने भी इस सुविधा को ‘सिर्फ ₹250 से शुरुआत’ के तौर पर पेश किया है।
चार चरणों में खुलेगा खाता
1. BHIM ऐप डाउनलोड करें। फिर बैंक से जुड़े मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। वहां ‘Tatkal NPS’ विकल्प चुनें।
2. जन्मतिथि दर्ज करें। इसके बाद अपना केवाईसी सत्यापित बैंक खाता चुनें।
3. फिर पहले अंशदान के तौर पर कम से कम ₹250 जमा करें।
4. डिजिटल प्रक्रिया के तहत केवाईसी पूरी होगी और तेजी से स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या जारी की जाएगी।

