जलवायु खतरों को न्यूनतम करने के लिए देश को तत्काल कदम उठाने की जरूरत-आईपीसीसी वैज्ञानिक

Aug 12, 2021 05:15 pm ISTNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

इंटर गर्वमेंटल पैनल आन क्लाईमेट चेंज (आईपीसीसी) से जुड़े वैज्ञानिक एवं इंडियन स्कूल आफ बिजनेस के अनुसंधान निदेशक डा. अंजल प्रकाश ने कहा कि भारत को जलवायु खतरों से निपटने, उनके अनुकूल ढलने तथा उनके...

जलवायु खतरों को न्यूनतम करने के लिए देश को तत्काल कदम उठाने की जरूरत-आईपीसीसी वैज्ञानिक


इंटर गर्वमेंटल पैनल आन क्लाईमेट चेंज (आईपीसीसी) से जुड़े वैज्ञानिक एवं इंडियन स्कूल आफ बिजनेस के अनुसंधान निदेशक डा. अंजल प्रकाश ने कहा कि भारत को जलवायु खतरों से निपटने, उनके अनुकूल ढलने तथा उनके प्रभावों को न्यूनतम करने के लिए तत्काल कदम उठाने होंगे। हाल में आईपीसीसी की रिपोर्ट में तापमान बढ़ोत्तरी को लेकर विश्व के साथ-साथ भारत के संदर्भ में भी गंभीर खतरों की ओर आगाह किया गया है।
रिपोर्ट जारी होने के बाद एक बयान में डा. प्रकाश ने कहा कि जलवायु खतरों के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए भारत को अनुकूलन और न्यूनीकरण के प्रयासों पर एक साथ ध्यान देने की जरूरत है। इस वक्त जलवायु संबंधी जोखिमों से बचने के लिए भारत मौसम संबंधी पूर्वानुमान पर निर्भर करता है और प्रभावित क्षेत्रों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रणाली को अपनाता है। राहत और बचाव कार्य तो मौसम संबंधी आपदाओं के होने के बाद का मामला है लेकिन लोगों को हालात के मुताबिक ढालने के लिए अभी बहुत सा काम किया जाना बाकी है।

उन्होंने कहा कि प्रभावी कदम उठाने के लिए अन्य क्षेत्रों के साथ तालमेल बैठाना जरूरी है। इनमें मूलभूत ढांचा, ऊर्जा, सिंचाई, जल संसाधन ग्रामीण विकास, नगर विकास और महिला एवं बाल विकास इत्यादि क्षेत्र शामिल हैं। भारत जैसे देश के आकार और उसकी आबादी को देखते हुए यह काम बहुत जटिल है दीर्घकालिक समाधानों की बात करें तो इसमें शहरों की योजना का फिर से खाका खींच कर या उसे फिर से बना कर उन्हें जलवायु के प्रति सतत बनाया जा सकता है।

नगरीय तथा ग्रामीण इलाकों में झीलों और तालाबों का पुनरुद्धार करके प्राकृतिक जल निकासी प्रणालियों को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने, नगरीय क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए निकासी की व्यवस्था करने, जंगलों के पुनरुद्धार तथा प्रदूषणकारी तत्वों के उत्सर्जन में कमी लाने से संबंधित अन्य प्रयास भी इस दीर्घकालिक समाधान का हिस्सा हैं। इसके अलावा इस सदी के मध्य तक नेट जीरो का लक्ष्य हासिल करने के लिए भारत को उद्योगों और कारोबारियों के साथ आम राय बनाने की दिशा में भी काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जलवायु संबंधी कदमों को आगे बढ़ाने के लिए भारत को अभी बहुत काम करना होगा और वह अंतर्राष्ट्रीय विचार विमर्शों में जलवायु परिवर्तन के विषय को आगे बढ़ाने के मामले में विश्व नेता बन सकता है। दुनिया के दक्षिणी हिस्सों के देशों में इस प्रकार की नेतृत्व क्षमता का अभाव है। ऊर्जा दक्षता और इंटरनेशनल सोलर एलाइंस के गठन की पहल से यह जाहिर होता है कि भारत के पास अनुकूलन और न्यूनीकरण के प्रयासों की दिशा में नेतृत्व करने का दमखम है लेकिन हमारी विश्वसनीयता तभी बनेगी जब हम अपने घर में ही चीजों को बेहतर करने में सफल होंगे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।