साइकिल को बचाने में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा महिला गंभीर घायल
जमुनहा, श्रावस्ती में एक ई-रिक्शा हादसे में 20 वर्षीय सिम्मल गंभीर घायल हो गई। पति और चालक सुरक्षित हैं। सिम्मल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया। यह घटना जमुनहा-बहराइच मार्ग पर हुई।

जमुनहा, श्रावस्ती। तहसील जमुनहा थाना हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र के इमलिया करनपुर गांव के मजरा करनपुर निवासी सिम्मल पत्नी हरभजन रावत (20) अपने पति हरभजन रावत पुत्र दूजाई रावत (21) के साथ देर शाम रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। दोनों पति-पत्नी बदला चौराहा से ई-रिक्शा पर सवार होकर थाना मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरिहरपुर महाराज नगर के मजरा पिपरहवा निवासी रिश्तेदार रामनरेश के यहां जा रहे थे।इसी दौरान जमुनहा-बहराइच मार्ग पर भकला पुल के पास बहोरवा गांव के निकट अचानक सामने आई साइकिल को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में सिम्मल को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पति हरभजन रावत और ई-रिक्शा चालक बाल-बाल बच गए।घटना के बाद ऐंम्बुलेस की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए महिला को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिनगा रेफ़र कर दिया गया।

