नेपाल में ई-रिक्शा की ठोकर से बुजुर्ग महिला की जान गई
हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
नेपाल के सर्लाही जिले के कबिलासी बाजार में एक ई-रिक्शा की ठोकर से 60 वर्षीय स्वागबती ठाकुर की गंभीर चोटों के बाद मौत हो गई। उन्हें हादसे के बाद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

सोनबरसा। नेपाल के सर्लाही जिले के कबिलासी बाजार में शनिवार को ई-रिक्शा की ठोकर से गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा मलंगवा-नवलपुर पथ पर हुआ। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर नवलपुर से कबिलासी की ओर जा रहे ई-रिक्शा ने पैदल जा रहीं कबिलासी निवासी रामपुकार ठाकुर की पत्नी स्वागबती ठाकुर (60) को ठोकर मार दी। हादसे में उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। गंभीर हालत में उन्हें प्रादेशिक अस्पताल मलंगवा ले जाया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिला प्रहरी कार्यालय सर्लाही के अनुसार, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर चालक हरि प्रसाद धमाला (59) को हिरासत में लिया है।
चालक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इलाका प्रहरी कार्यालय हरिपुर लाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


