पंडालों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास और आपात मार्ग पर जोर
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। समाहरणालय में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी और समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन और आपात उपाय सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली और विसर्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास, आपात मार्ग और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। प्रमुख पंडालों व भीड़ वाले क्षेत्रों के लिए पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग और जरूरत के अनुसार यातायात, डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात सेवाओं के वाहनों को परेशानी न हो।
नगर निकायों को पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कचरा उठाव, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजली विभाग को खुले और असुरक्षित तारों की जांच तथा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख पूजा स्थलों पर अग्निशमन संसाधन तैयार रखने और अस्पतालों को जरूरत के अनुसार अलर्ट मोड में रखने को कहा गया। उपायुक्त ने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन और लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की। विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग से विचलन नहीं करने तथा घाटों पर स्वयंसेवकों की तैनाती का निर्देश दिया गया। जुस्को और नगर निकायों को घाटों की तैयारी समय से पूरी करने को कहा गया। बैठक में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीएम धालभूम व घाटशिला, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त जेएनएसी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अपर उपायुक्त, अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, डीटीओ, डीपीआरओ, डीएसपी ट्रैफिक समेत अन्य वरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

