अमरोहा में नशे में धुत सिपाही ने दो लोगों को मारी टक्कर, हाईवे पर बिना टायर दौड़ाई कार
सोमवार रात एक नशे में धुत सिपाही संजीव तोमर ने हाईवे पर गाड़ी दौड़ाते हुए दो लोगों को टक्कर मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने उसकी कार रोककर उसकी पिटाई की। अब पुलिस ने संजीव के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

नशे में धुत सिपाही ने सोमवार रात हाईवे पर जमकर आतंक मचाया। अंधाधुंध गाड़ी दौड़ाते हुए दो लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद हाईवे पर बिना टायर के ही कार दौड़ा दी। गुस्साए लोगों ने सिपाही की जमकर धुनाई की। मौके पर एक घंटे तक हंगामे के हालात बने रहे। मामले में पुलिस ने आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है वहीं घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, डिडौली निवासी अमित कुमार सोमवार रात लगभग 11 बजे अपने परिवार के साथ जोया से घर लौट रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में नशे में धुत सिपाही संजीव तोमर ने अपनी कार से दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद भी सिपाही ने कार नहीं रोकी। बताया जा रहा है कि कार का एक टायर निकल जाने के बावजूद वह हाईवे पर वाहन दौड़ाता रहा। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने पीछा कर कार को रुकवाया और सिपाही की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सिपाही को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही संजीव तोमर निलंबित चल रहा है। उसकी तैनाती डायल 112 में थी। ड्यूटी में लापरवाही पर कोतवाल ने रिपोर्ट पुलिस ऑफिस भेजी थी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेकर निलंबित कर दिया था।


