अब एंबुलेंस और शव वाहन से दवा लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
गाजियाबाद में सरकारी अस्पतालों में दवाओं के परिवहन में सुधार लाने के लिए शासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब स्वास्थ्य कर्मियों को दवाएं लाने के लिए निजी साधनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। दवाओं की आपूर्ति सीधे ड्रग वेयरहाउस से अस्पतालों तक की जाएगी, जिससे मरीजों को लाभ मिलेगा।

गाजियाबाद, प्रदीप वर्मा। सरकारी अस्पतालों में दवाओं के परिवहन को लेकर लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था अब खत्म होने जा रही है। शासन स्तर पर ड्रग वेयरहाउस से अस्पतालों तक दवाओं की आपूर्ति की जाएगी। इससे स्वास्थ्य कर्मियों को अब एंबुलेंस, शव वाहन या निजी साधनों से दवाएं लाने की मजबूरी नहीं रहेगी। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के महानिदेशक डा. पवन कुमार अरुण ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। पत्र में कहा गया है कि यूपीएमएससीएल के अंतर्गत गाजियाबाद समेत प्रदेश के सभी जिलों में स्थित ड्रग वेयरहाउस से अस्पतालों तक दवाओं के ट्रांसपोर्टेशन के लिए पहले से जारी शासनादेशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
अब तक कई जिलों में अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी तक दवाएं पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को निजी खर्च वहन करना पड़ता था। कई जगहों पर एंबुलेंस और शव वाहन तक दवा ढुलाई में उपयोग किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत दवा लाने ले जाने के लिए शासन से निर्धारित धनराशि आवंटित होगी, जिससे दवाओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित होगी और मरीजों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डा. राकेश कुमार ने पत्र मिलने की पुष्टि की है और बजट आवंटन पर निर्देशों का कड़ाई से पालन किए जाने का भरोसा दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

