मूल्य नियंत्रण के दायरे से 82 फीसदी दवाएं बाहर, सरकार उठा सकती है नए कदम
सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद सरकार दवाओं पर मूल्य नियंत्रण का दायरा बढ़ाने और अन्य दवाओं के मुनाफे की सीमा तय करने पर विचार कर सकती है। फिलहाल बाजार का सिर्फ 18 फीसदी हिस्सा नियंत्रण में है। कैंसर की 110 दवाओं पर 30 फीसदी अधिकतम ट्रेड मार्जिन है। एनपीपीए के मुताबिक, कंपनियों ने नियंत्रित दवाएं महंगी बेचकर 10 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूले; 8,500 करोड़ अब तक बाकी हैं।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। दवाओं की कीमतों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद सरकार आने वाले समय में कुछ नए उपायों पर विचार कर सकती है। इसके तहत मूल्य नियंत्रण के दायरे में आने वाली दवाओं की संख्या बढ़ाने और अन्य दवाओं पर मुनाफे की अधिकतम सीमा तय करने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। दरअसल, मौजूदा समय में दवा बाजार का केवल 18 फीसदी हिस्सा ही मूल्य नियंत्रण के दायरे में आता है, जबकि शेष 82 फीसदी पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने हाल में कैंसर के उपचार की 68 दवाओं के लिए मुनाफे की अधिकतम सीमा 30 फीसदी तय की थी। पहले भी कैंसररोधी 42 दवाओं पर अधिकतम ट्रेड मार्जिन 30 फीसदी तय किया गया था और इस प्रकार अब 110 कैंसररोधी दवाओं की कीमतें नियंत्रित की गई हैं। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सरकार से स्पष्ट कहा है कि सिर्फ कैंसर की दवाएं ही क्यों, अन्य दवाओं के लिए ऐसे उपाय क्यों?
दवाओं के मूल्य निर्धारण की अलग-अलग श्रेणियां
चार किस्म की दवाओं पर अलग-अलग तरीके से मूल्य निर्धारण
-जेनेरिक दवाएं : सिंगल साल्ट की जेनेरिक दवाओं की कीमतें सबसे कम होती हैं तथा ये आमतौर पर प्रधानमंत्री जन औषधि भंडारों पर मिलती हैं।
ब्रांडेड जेनेरिक : ये दवाएं भी जेनेरिक हैं लेकिन कंपनियां अपने ब्रांड नेम से बनाती हैं इसलिए कीमतों पर नियंत्रण नहीं हैं। इनकी बिक्री सबसे ज्यादा होती है।
एनएलईएम दवाएं : नेशनल लिस्ट ऑफ एसेंसियल मेडिसिन (एनएलईएम) की एक सूची बनी हुई है जिसमें 388 दवाएं (साल्ट) शामिल हैं, जिनके 935 फार्मूले बनते हैं तथा सभी मूल्य नियंत्रण के दायरे में आते हैं। इनका मूल्य सरकारी एजेंसी एनपीपीए द्वारा निर्धारित किए जाते हैं। ऐसी दवा की लागत पर 16 फीसदी मुनाफा रखा गया है।
पेटेंट दवा : ये वे दवाएं हैं जो पिछले कुछ वर्षों के दौरान बनी हैं तथा इनके पेटेंट चुनिंदा कंपनियों के पास हैं। इनकी कीमतें बहुत ज्यादा होती हैं, जो कंपनी खुद तय करती है। हालांकि. भारतीय पेटेंट कानून के प्रावधानों के तहत आपात स्थिति में सरकार पेटेंट कानून की अनदेखी कर ऐसी दवाओं के निर्माण की अनुमति किसी भारतीय कंपनी को दे सकती है। कैंसररोधी ज्यादातर दवाएं पेटेंट वाली हैं।
मूल्य नियंत्रण के दायरे से बाहर अधिकांश दवा बाजार
सिर्फ 18 फीसदी बाजार मूल्य नियंत्रित
हाल में एनपीपीए के कामकाज को लेकर संसदीय समिति ने संसद में पेश अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मौजूदा एनएलईएम सूची में शामिल दवाएं सिर्फ 18 फीसदी बाजार को कवर करती हैं। यानी 82 फीसदी दवा बाजार मूल्य नियंत्रित नहीं है। इसलिए एनपीपीए को मूल्य नियंत्रण का दायरा बढ़ाना चाहिए।
दवाओं की कीमत और मुनाफा कंपनियां तय करती हैं
खुद तय किए जाते हैं मूल्य
जो दवाएं मूल्य नियंत्रण के दायरे में हैं, उनकी लागत पर 16 फीसदी का मुनाफा एनपीपीए ने तय कर रखा है। लेकिन बाजार की शेष 82 फीसदी दवाओं के मामले में कंपनियां खुद मूल्य और मुनाफा तय करती हैं। यहां दो मुद्दे हैं एक लागत का निर्धारण और दूसरे मुनाफे का। किसी दवा की लागत सौ रुपये है और कंपनी एक हजार रुपये तय करती हैं तो इस पर सरकार की कोई रोक नहीं। इसी प्रकार रिटेलर का मुनाफा तय करने के मामले में भी वे स्वतंत्र हैं। इन दवाओं के मामले में एनपीपीए सिर्फ सालाना मूल्यवृद्धि तय करता है जो 10 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए।
अधिक कीमतों पर बिक्री और बकाया वसूली
10 हजार करोड़ वसूले
एक तरफ 82 फीसदी दवा बाजार मूल्य नियंत्रण के दायरे से बाहर है, दूसरी तरफ जो दवाएं मूल्य नियंत्रण के दायरे में हैं, उन्हें भी कई बार ज्यादा कीमतों पर बेचा जाता है। एनपीपीए ने कहा कि दवा कंपनियों ने ऐसी दवाओं को अधिक कीमतों पर बेचकर लोगों की जेब से 10 हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूले। कंपनियों को रिकवरी नोटिस दिए हैं लेकिन 8,500 करोड़ रुपया आज तक वसूल नहीं हो पाया।


