नकली आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाएं बनाने का खुलासा
आजमगढ़ में नकली आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाओं का नेटवर्क पकड़ा गया है। महराजगंज और अहरौला में पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली दवाएं और पैकिंग सामग्री बरामद की। आरोपी शिवम चतुर्वेदी, उत्तम चतुर्वेदी और हरिलाल पांडेय के घरों से दवाओं के स्टीकर, पैकेजिंग मशीन और खाली डिब्बे मिले हैं।

आजमगढ़, संवाददाता। महराजगंज और अहरौला थाना क्षेत्र में अंबेडकर नगर सीमा पर नकली आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाएं तैयार करने के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अंबेडकर नगर की पुलिस से मिली सूचना पर जनपद की पुलिस ने मंगलवार रात छापेमारी कर बड़ी संख्या में दवाएं और रैपर बरामद किया है। अहरौला थाना क्षेत्र के चौबौलिया गांव निवासी शिवम चतुर्वेदी और उत्तम चतर्वेदी और महराजगंज थाना क्षेत्र के उसुर कुढ़वा निवासी हरिलाल पांडेय के घर नकली दवा तैयार करने की सूचना मिली थी। इस पर जिला आयुर्वेदिक विभाग की टीम महराजगंज के उसूर कुढ़वा पहुंची। जहां पर कुछ यूनानी और होमियोपैकि दवा और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
इसके बाद अहरौला थाना क्षेत्र के चौबौलिया गांव में टीम ने छापेमारी की। यहां से आयुर्वेद की नकली दवाएं, पैकिंग की सामग्री आदि बरामद हुई। बड़ी मात्रा में दवाओं के स्टीकर, होलोग्राम, खाली डिब्बियां, पैकेजिंग सामग्री, बिना लेबल की टैबलेट और पैकेजिंग मशीन मिली। योगीराज आयुर्वेदिक दवा कंपनी की ओर से अंबेडकरनगर की जिलाधिकारी से नकली और डुप्लीकेट दवाओं के निर्माण, पैकिंग, भंडारण और आपूर्ति की शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद मंगलवार को कार्रवाई हुई थी। इसके बाद जनपद की पुलिस सक्रिय हुई थी। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि नकदी दवाएं तैयार कर पैकेजिंग की जा रही थी। दोनों स्थानों पर दवाओं की पैकेजिंग हो रही थी। दोनों स्थानों को सील कर दिया है। टीम बनाकर जांच की जाएगी।


