सिंचाई संकट और खराब नलकूपों से सुखाड़ जैसी स्थिति
हिन्दुस्तान, लखीसराय
लखीसराय के रामगढ़ चौक प्रखंड में इस वर्ष कम बारिश से सुखाड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सरकारी नलकूप तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं, और बिजली की अनियमितता ने निजी पंपसेट को भी प्रभावित किया है। किसानों का कहना है कि नहरों में पानी न छोड़े जाने पर उनकी फसलें बिगड़ जाएंगी।

लखीसराय। रामगढ़ चौक प्रखंड के अधिकांश गांवों में इस सीजन में कम बारिश के कारण सुखाड़ के हालात बन गए हैं। क्षेत्र में सिंचाई का मुख्य साधन माने जाने वाले अधिकांश सरकारी नलकूप (बोरिंग) तकनीकी खराबी के कारण सालों से बंद पड़े हैं। बिजली आपूर्ति की अनियमितता से निजी पंपसेट भी फेल साबित हो रहे हैं। पानी के अभाव में धान की फसलें खेतों में ही सूखकर पीली पड़ रही हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया, तो उनकी पूरी लागत डूब जाएगी। हालांकि पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से किसानों को थोड़ी राहत मिली है लेकिन खेती के लिए यह पर्याप्त नहीं है।


