निरीक्षण को लेकर दरौंदा जंक्शन पर रही विशेष सतर्कता
दरौंदा जंक्शन पर डीआरएम आशीष जैन के संभावित निरीक्षण को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। स्पेशल ट्रेन दो बार जंक्शन पहुंची, लेकिन डीआरएम स्टेशन पर नहीं उतरे। स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया, जबकि अनावश्यक ठहराव पर रोक लगी रही।

दरौंदा। डीआरएम आशीष जैन के संभावित निरीक्षण को लेकर बुधवार को दरौंदा जंक्शन पर विशेष सतर्कता रही। डीआरएम की स्पेशल ट्रेन दो बार जंक्शन पहुंची, लेकिन दोनों बार वे निरीक्षण के लिए स्टेशन पर नहीं उतरे। स्पेशल ट्रेन सुबह करीब 10 बजे दारौंदा जंक्शन पहुंची और दो मिनट बाद महाराजगंज की ओर रवाना हो गई। पुनः महाराजगंज से दोपहर 1:12 बजे ट्रेन दरौंदा जंक्शन पहुंची। करीब दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन सीवान की ओर रवाना हो गई। दोनों अवसरों पर डीआरएम के स्टेशन पर उतरकर निरीक्षण करने की सूचना नहीं मिली। डीआरएम के संभावित आगमन को लेकर जंक्शन परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
परिसर में वाहनों का अनावश्यक ठहराव नहीं रहा। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में घूमकर सामान बेचने वाले भी इस दौरान नजर नहीं आए। जंक्शन के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय रहे।


