भाषण प्रतियोगिता में सृष्टि व चित्रांकन में प्रियंका अव्वल
नोवामुंडी कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत 'सपनों का भारत' विषय पर चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विशाल रंगोली तैयार की और मानव शृंखला बनाकर भारत का मानचित्र प्रस्तुत किया।

नोवामुंडी,संवाददाता। नोवामुंडी कॉलेज में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं कॉलेज के चेयरमैन मधु कोड़ा और पूर्व सांसद सह कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सपनों का भारत’ विषय पर चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता की घटनाक्रम
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने 36 वर्गफुट की विशाल रंगोली तैयार की। इसके बाद विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर भारत का मानचित्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत चेयरमैन मधु कोड़ा, गीता कोड़ा, प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास, वित्तीय सलाहकार डॉ मुरारीलाल वैध एवं छात्र- छात्रों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम सृष्टि ठाकुर, द्वितीय खुशी चौधरी एवं तृतीय स्थान पर कसक सिंह रही। वहीं, चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रथम प्रियंका घोष, द्वितीय बासमती मुर्मू एवं तृतीय स्थान पर जुली नायक को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य
राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए किया प्रेरित : मौके पर मधु कोड़ा ने कहा कि सपने टूट सकते हैं, लेकिन संकल्प नहीं टूटता। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य देश के विकास के लिए युवाओं को अपनी भूमिका समझने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, हुनर और रोजगार के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने विद्यार्थियों को नई सोच, नवाचार और ज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता
विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जाएगा विशेष ध्यान : गीता कोड़ा ने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा और स्थानीय भाषा से जुड़े रहकर आधुनिक शिक्षा एवं कौशल को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा और विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ अपने हुनर को विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन प्रो. कुलजिन्दर सिंह ने किया।

