आईयूएसटी, कश्मीर में सहायक प्राध्यापक बने डॉ. विकास
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के पूर्व पीएचडी शोधार्थी डॉ. विकास कुमार का चयन आईयूएसटी, कश्मीर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सहायक प्राध्यापक के पद पर हुआ है। उन्होंने वेब मीडिया और सामाजिक जागरूकता पर शोध किया। विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी तथा उनकी सफलता को प्रेरणास्रोत बताया।

पूर्व शोधार्थी की सहायक प्राध्यापक पद पर नियुक्ति
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के मीडिया अध्ययन विभाग के पूर्व पीएचडी शोधार्थी डॉ. विकास कुमार का चयन इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईयूएसटी), कश्मीर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सहायक प्राध्यापक (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है। डॉ. विकास कुमार ने मीडिया अध्ययन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजनी कुमार झा के शोध निर्देशन में ‘सामाजिक जागरूकता के प्रसार में वेब मीडिया की भूमिका’ विषय पर अपना पीएचडी शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। उनका शोध विशेष रूप से वेब मीडिया, सामाजिक जागरूकता तथा डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर केंद्रित रहा है। डॉ. कुमार की इस उपलब्धि पर महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। मीडिया अध्ययन विभाग के शिक्षक एवं शोधार्थी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. कुमार की सफलता विश्वविद्यालय के अन्य शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंसेज एंड आईसीटी के अधिष्ठाता प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला ने भी डॉ. विकाश कुमार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं,डॉ. कुमार के शोध निर्देशक रहे डॉ. अंजनी कुमार झा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अध्ययनशीलता, शोध के प्रति समर्पण और उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। इस अवसर पर मीडिया अध्ययन विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार भगत, सहायक प्रोफेसर डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र, डॉ. साकेत रमण, डॉ. सुनील दीपक घोडके, डॉ. उमा यादव, डॉ. मयंक भारद्वाज और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों, प्रशासनिक अधिकारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भी डॉ. विकाश कुमार को उनकी इस नई जिम्मेदारी और सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

