शिक्षाविद उदयराज मिश्र को मिला ‘दिव्य गंगा सेवी’ और ‘साहित्यभूषण’ सम्मान
अम्बेडकरनगर के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के अंग्रेजी प्रवक्ता डॉ. उदयराज मिश्र को गंगा संरक्षण एवं साहित्य में योगदान के लिए हरिद्वार के अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में 'दिव्य गंगा सेवी' और 'साहित्यभूषण' सम्मान से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम 29-30 अगस्त को आयोजित हुआ, जिसमें नेपाल समेत 17 राज्यों के विद्वानों ने भाग लिया।

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर के अंग्रेजी प्रवक्ता, शिक्षाविद एवं साहित्यकार डॉ. उदयराज मिश्र को साहित्य साधना और गंगा संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया गया है। हरिद्वार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं साहित्यिक कुंभ में उन्हें ‘दिव्य गंगा सेवी’ तथा ‘साहित्यभूषण’ सम्मान प्रदान किया गया। दिव्य गंगा सेवा मिशन एवं नेपाली भैरी साहित्य परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 29 और 30 अगस्त को हरिद्वार में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं साहित्यिक कुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेपाल सहित देश के 17 राज्यों तथा विभिन्न देशों के विद्वानों, कवियों और साहित्यकारों ने प्रतिभाग किया।
साहित्य, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विद्वानों ने अपने विचार रखे। समारोह में डॉ. उदयराज मिश्र को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष एवं शाम्भवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने दोनों सम्मान प्रदान किए। सम्मान मिलने पर साहित्य एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. मिश्र को बधाई दी। कार्यक्रम में स्वामी रामभद्राचार्य राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलपति डॉ. शिशिर कुमार पाण्डेय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा के पूर्व कुलपति एवं आचार्य विनोबा भावे द्वारा स्थापित आचार्य कुलम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य धर्मेंद्र, उत्तराखंड सरकार के कारागार चिकित्सा प्रभारी स्वामी आशुतोष महाराज, माता मनसा देवी ट्रस्ट के महंत स्वामी आशुतोष महाराज तथा वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शिवेश्वर पांडेय समेत 258 से अधिक विद्वतजन मौजूद रहे। डॉ. उदयराज मिश्र को मिले इन सम्मानों से जिले के शिक्षकों, साहित्यकारों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में खुशी है।


