डॉ. सुरेंद्र पड़ियार को मिलेगा वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड
एचएनबी राजकीय महाविद्यालय, खटीमा के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार को वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान 20 सितंबर को नई दिल्ली में दिया जाएगा, जिसमें 25 देशों की सहभागिता होगी। डॉ. पड़ियार के 50 से अधिक शोध-पत्र और कई पुस्तकें हैं।
खटीमा। एचएनबी राजकीय महाविद्यालय, खटीमा के गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार का प्रतिष्ठित वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड के लिए चयन हुआ है। उन्हें यह सम्मान 20 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जयंती समापन महोत्सव में प्रदान किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से आयोजित समारोह में 25 देशों की सहभागिता रहेगी। चयन समिति ने डॉ. पड़ियार के शैक्षणिक कार्यों, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण, शोध उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान का अवलोकन करने के बाद उनका चयन किया है। समारोह में देशभर के 51 प्राध्यापकों को यह अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
डॉ. पड़ियार के 50 से अधिक शोध-पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम 10 पेटेंट और पांच पुस्तकें भी हैं।


