बीबीए-एमबीए के 6 विद्यार्थियों को मिला प्लेसमेंट
रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि (डीएसपीएमयू) में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का परिणाम सोमवार

रांची विशेष संवाददाता। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से बीते 6 जुलाई को आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का परिणाम सोमवार को जारी किया गया। इसमें वित्तीय संस्था मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड ने विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों का रिलेशनशिप ऑफिसर पद के लिए अंतिम रूप से चयन किया है। चयनित विद्यार्थियों में बीबीए विभाग से- कृष कुमार गिरि, बलराम कुमार महथा, ऋतिक कुमार और एमबीए विभाग से- निर्भय कुमार यादव, अमन कुमार और अभिषेक कुमार, शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 19,103 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) का वेतनमान प्रदान किया जाएगा। कंपनी ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और साक्षात्कार के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ भर्ती अभियानों में सहयोग जारी रखने की इच्छा व्यक्त की है।यह
प्लेसमेंट अभियान कुलपति प्रो राजीव मनोहर के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित किया गया। इसका संचालन- डॉ विनय भरत (प्रोफेसर-इन-चार्ज), डॉ राहुल देव साह (प्लेसमेंट ऑफिसर) और डॉ सुमित कुमार (प्लेसमेंट ऑफिसर), ने किया। कुलपति ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतिष्ठित संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने ज्ञान व कौशल का व्यावहारिक उपयोग करते हुए सफल करियर का निर्माण कर सकें।


