राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए डॉ. प्रभा कुमारी चयनित, शिक्षक दिवस पर होंगी सम्मानित
डंडारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटरमाला की रसायन विज्ञान शिक्षिका हैं डॉ. प्रभा कुमारी

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। डंडारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटरमाला की रसायन विज्ञान शिक्षिका डॉ. प्रभा कुमारी का चयन इस वर्ष के राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है।
पुरस्कार समारोह
प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार उन्हें 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को इस सम्मान से नवाजती है। डॉ. प्रभा कुमारी का शैक्षणिक और अध्यापन अनुभव काफी समृद्ध रहा है। उन्होंने एलएनएमयू से एमएससी (ऑर्गेनिक केमिस्ट्री), बीएचयू से बीएड तथा एनओयू से एमएड किया है। इसके अलावा उन्होंने यूजीसी-नेट, सीटीईटी, एसटीईटी सहित कई शिक्षक पात्रता परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं। वे बीपीएससी से चयनित शिक्षिका हैं तथा शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रही हैं।
शिक्षण अनुभव
उन्होंने एसकेएम कॉलेज बेगुसराय, केवी आईओसी बरौनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय असुरारी, एमएस रघुवर नगर और आरके सर्वोदय प्लस-2 विद्यालय शाहपुर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सेवा दी है। वर्तमान में वे उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटरमाला में रसायन विज्ञान की शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।
साहित्यिक पहचान
शिक्षण के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी डॉ. प्रभा कुमारी की उल्लेखनीय पहचान है। उन्हें दिनकर काव्यरत्न पुरस्कार, ग्लोबल एक्सीलेंसी अवॉर्ड, श्रेष्ठ शिक्षिका सम्मान, श्रेष्ठ रचनाकार सम्मान सहित अनेक साहित्यिक एवं शैक्षणिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।


