नीट पीजी में सफलता पर डॉ. नम्रता गुप्ता सम्मानित
रामगढ़ की निवासी डॉ. नम्रता गुप्ता ने नीट पीजी परीक्षा में 8000 रैंक प्राप्त कर परिवार और जिले का मान बढ़ाया है। झारखंड सेवा समिति ने मंगलवार को उन्हें सम्मानित किया। डॉ. नम्रता एम्स से पीजी की पढ़ाई करना चाहती हैं। उनके पिता ने उनकी मेहनत की सराहना की है।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि झारखंड सेवा समिति के उपाध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद गुप्ता की पुत्री डॉ नम्रता गुप्ता ने नीट पीजी परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार के साथ रामगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। नीट पीजी में डॉ नम्रता ने 8000 रैंक प्राप्त किया है। उनकी सफलता पर झारखंड सेवा समिति की ओर से मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने मोमेंटो प्रदान करने के साथ शॉल ओढ़ाकर डॉ नम्रता का अभिनंदन किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने डॉ नम्रता को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से नीट पीजी में सफलता प्राप्त कर परिवार सह जिले को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि 8000 रैंक के कारण काउंसलिंग में उन्हें अपनी पसंद के विषय और संस्थान के चयन का अवसर मिल सकता है। डॉ नम्रता के पिता नंदकिशोर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि उनकी पुत्री शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं। उन्होंने लगातार मेहनत की, जिसका परिणाम नीट पीजी में सफलता के रूप में सामने आया है। डॉ नम्रता गुप्ता ने कहा कि उनका नीट पीजी में 8000 रैंक आया है। उनकी इच्छा एम्स से पीजी की पढ़ाई करने की है। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग में एम्स में दाखिले का अवसर मिला तो वह वहीं से पीजी करना चाहेंगी। समिति के सचिव रंजन फौजी, सह सचिव मनोज मंडल सहित अन्य सदस्यों ने भी डॉ. नम्रता को शुभकामनाएं दीं। समारोह में राजेश प्रसाद, आनंद सिन्हा, विनोद साव समेत कई लोग उपस्थित थे।

