भारत में 75% रक्त संग्रह स्वैच्छिक दान से होता है : श्रीनिवास
नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम श्रीनिवास ने कहा कि भारत में 75% रक्त स्वैच्छिक दान से एकत्रित होता है। स्वर्ण जयंती ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस कार्यक्रम में उन्होंने रक्तदान बढ़ाने और रक्त स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर दिया। यह कार्यक्रम सुरक्षित और पर्याप्त रक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आयोजित किया गया था।

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. एम श्रीनिवास ने गुरुवार को कहा कि देश में लगभग 75 प्रतिशत रक्त संग्रह स्वैच्छिक दान के माध्यम से होता है। उन्होंने रक्त और उसके घटकों के सही और बेहतर इस्तेमाल के महत्व पर जोर दिया। लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के स्वर्ण जयंती ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस (एनवीबीडीडी) 2026 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. श्रीनिवास ने स्वैच्छिक रक्तदान को और बढ़ाने तथा मांग और उपलब्धता के बीच के अंतर को दूर करने के लिए सरकार, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों, समाज सेवी संगठनों, स्वैच्छिक संगठनों और युवा संगठनों से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।उन्होंने
रक्तदान से आगे बढ़कर रक्त स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने का भी आह्वान किया। यह कार्यक्रम देश भर में रक्त और इसके घटकों की सुरक्षित, पर्याप्त और टिकाऊ आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नियमित, स्वैच्छिक और रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करने के मकसद से आयोजित किया गया था।इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज डिवीजन द्वारा लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और संबद्ध अस्पतालों, दिल्ली के सहयोग से किया गया था।


