डॉ बुराडा को विज्ञान कांग्रेस में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार
केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के भौतिकी विभाग के शिक्षक डॉ. दाली रामू बुराडा को जम्मू-कश्मीर विज्ञान कांग्रेस-2026 में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस

रांची, विशेष संवाददाता। केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे), के भौतिकी विभाग के शिक्षक डॉ दाली रामू बुराडा को जम्मू-कश्मीर विज्ञान कांग्रेस-2026, में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विज्ञान कांग्रेस का आयोजन इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, अवंतीपोरा, पुलवामा में किया गया। इसमें देश के 16 राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों और प्रमुख तकनीकी संस्थानों से आए शोधकर्ताओं ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। इस वर्ष विज्ञान कांग्रेस की विषयवस्तु- सतत और विकसित जम्मू-कश्मीर के लिए विज्ञान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियां, थी। डॉ बुराडा को यह पुरस्कार उनकी शोध प्रस्तुति- विशेष आकार वाली प्रकाशीय सतहों के लिए आंकड़ा-आधारित स्मार्ट वास्तविक-समय मापन रूपरेखा: सतत और बुद्धिमान प्रकाशीय विनिर्माण की ओर, के लिए प्रदान किया गया। 16 राज्यों से आए शोधकर्ताओं की प्रस्तुतियों में उनकी प्रस्तुति का चयन सर्वश्रेष्ठ के रूप में किया गया। पुरस्कार जम्मू-कश्मीर सरकार की उच्च शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इट्टू और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने प्रदान किया।
मापन प्रक्रिया के दौरान मापन पर जोर
डॉ बुराडा का शोध विशेष आकार वाली प्रकाशीय सतहों की उच्च-सटीकता वाली माप और गुणवत्ता सुनिश्चित करने से संबंधित है। शोध में ऐसी मापन प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम किया गया है, जिसे आधुनिक और बुद्धिमान मापन व्यवस्था से जोड़ा जा सके। इसके तहत विनिर्माण प्रक्रिया के दौरान ही सेंसर के माध्यम से आंकड़े जुटाने, वास्तविक समय में प्रक्रिया की निगरानी करने और आंकड़ा-आधारित विश्लेषण के जरिये गुणवत्ता में सुधार करने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है। इस तकनीक से मापन की सटीकता बढ़ाने, विनिर्माण के दौरान होनेवाली त्रुटियों को कम करने और उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद मिल सकती है। शोध सतत और बुद्धिमान प्रकाशीय विनिर्माण को बढ़ावा देने के साथ विज्ञान और उभरती प्रौद्योगिकियों के जरिये सतत विकास की संभावनाओं को भी सामने रखता है। जम्मू-कश्मीर विज्ञान कांग्रेस में सीयूजे के एक छात्र ने भी भाग लिया। सम्मेलन में विश्वविद्यालय की सक्रिय भागीदारी को आयोजकों, तकनीकी टीम और प्रतिभागियों ने सराहा।


