डीपीएस में आज और कल होगा एमयूएन 2.0 सम्मेलन
दिल्ली पब्लिक स्कूल में 8 और 9 अगस्त को आयोजित होने वाले डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन में 700 से अधिक छात्र विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा करेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने सम्मेलन की रूपरेखा और नए समितियों की जानकारी दी। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना है।
रुद्रपुर, संवाददाता। दिल्ली पब्लिक स्कूल में 8 और 9 अगस्त को आयोजित होने वाले डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन 2.0) सम्मेलन को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी दी।
सम्मेलन का उद्देश्य
दो दिवसीय सम्मेलन में 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 700 से अधिक छात्र प्रतिनिधि विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा, वाद-विवाद और नीति निर्माण की प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त करेंगे। विद्यालय अध्यक्ष सुरजीत सिंह ग्रोवर ने बताया कि इस बार सम्मेलन में कई नई समितियां और नवाचार शामिल किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को नेतृत्व, कूटनीति, न्यायिक प्रक्रिया, उद्यमिता और वैश्विक चुनौतियों के समाधान पर व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, सार्वजनिक वक्तृत्व, नीति निर्माण की समझ और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करना है।
छात्र प्रतिनिधियों का योगदान
प्रेस वार्ता में छात्र प्रतिनिधियों ने विभिन्न समितियों और उनके एजेंडे का प्रस्तुतीकरण किया। रुद्र-यूएसएन शहरी योजना और विकास परिषद में उधम सिंह नगर के सतत शहरी विकास, अतिक्रमण और स्वच्छता जैसे स्थानीय मुद्दों पर चर्चा होगी। सत्युग समिति में विशेष क्राइसिस सिमुलेशन, शार्क टैंक में नवाचार आधारित स्टार्टअप विचार तथा मूट कोर्ट में साइबर अपराध और डिजिटल गोपनीयता से जुड़े मामले का न्यायिक सिमुलेशन होगा। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, यूएनएचआरसी, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, डब्ल्यूटीओ और अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक सहित कई समितियों में समसामयिक वैश्विक एवं राष्ट्रीय विषयों पर बहस होगी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि संयुक्त राष्ट्र एशिया प्रतिनिधि एवं सामाजिक प्रभाव विशेषज्ञ चिनू क्वात्रा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. साहिल सिंह विद्यार्थियों को नेतृत्व, सतत विकास और वैश्विक सहयोग पर संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया के प्रश्नों का उत्तर छात्र प्रतिनिधियों ने आत्मविश्वास और प्रभावशाली ढंग से दिया। उनकी विषय पर पकड़, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता की मीडिया प्रतिनिधियों ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष हरमन सिंह ग्रोवर, प्रधानाचार्य चेतन चौहान सहित विद्यालय प्रबंधन उपस्थित रहा।


