एक्सप्रेस-वे अरौल में बस डिवाइडर से टकराकर पलटी
बिल्हौर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 43 सवारियां थीं, जिनमें से 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिल्हौर भेजा गया। एसओ ने बताया कि बस को हिरासत में लिया गया है और भविष्य में एफआईआर दर्ज की जाएगी।

बिल्हौर,संवाददाता। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अरौल के पास गुरूवार भोर पहर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सर्विस रोड पर जाकर पलट गई। एसओ अरौल ने फोर्स के साथ जाकर छह घायल सवारियों को सीएचसी बिल्हौर भेजा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नही हुआ। एसओ अरौल विनय तिवारी ने बताया कि गुरूवार भोर पहर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर जयपुर से गोरखपुर सवारियों से भरी डबलडेकर बस जा रही थी। आगरा के थाना बल्केश्वर निवासी विजय सिंह बस को चला रहा था। अरौल के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर सर्विस रोड पर पलट गई। जिससे सवारियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
एसओ अरौल फोर्स के साथ आनन-फानन मौके पर पहुंचे। बस में 43 सवारियां थीं। जिसमें आंधप्रदेश के कॉटनकुड़ी की शाइदा, सिद्वार्थनगर की श्री सिंह, अंबेडकर नगर का राजन, अनिल और अजय सिंह और सुमित्रा देवी घायल हो गईं। एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बिल्हौर भेजा गया। जहां से अनिल को कानपुर रेफर किया गया। एसओ ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।


