21 राज्यों के 500 से अधिक छात्रों ने चुना लॉ कॉलेज देहरादून
उत्तरांचल विश्वविद्यालय में लॉ कॉलेज और स्कूल ऑफ एप्लाइड एंड लाइफ साइंस के नए छात्रों का स्वागत करने के लिए एक दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपाध्यक्ष अंकिता जोशी और उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने छात्रों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। 21 राज्यों से 500 से अधिक छात्र शामिल हुए हैं।

देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तरांचल विश्वविद्यालय के विधि संकाय लॉ कॉलेज देहरादून एवं स्कूल ऑफ एप्लाइड एंड लाइफ साइंस के नवागंतुक छात्रों के स्वागत में गुरुवार को दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष अंकिता जोशी मुख्य अतिथि तथा उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।विश्वविद्यालय ने बताया कि इस वर्ष देश के 21 राज्यों से 500 से अधिक छात्रों ने लॉ कॉलेज देहरादून में प्रवेश लिया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, बिहार, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के छात्र शामिल हैं।
उपाध्यक्ष अंकिता जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप, व्यक्तित्व विकास और व्यावहारिक अनुभव पर भी ध्यान देने का आह्वान किया। उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने कहा कि तकनीक कानूनी शिक्षा और शोध को नई दिशा दे रही है। उन्होंने छात्रों को साइबर लॉ, अंतरराष्ट्रीय न्यायशास्त्र और नवीनतम तकनीकों से स्वयं को लगातार अपडेट रखने की सलाह दी। कार्यक्रम में स्कूल ऑफ एप्लाइड एंड लाइफ साइंस के निदेशक प्रो. अजय सिंह तथा लॉ कॉलेज की प्राचार्य प्रो. पूनम रावत ने भी छात्रों का स्वागत करते हुए नई शिक्षा नीति, शोध एवं गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर विभागाध्यक्ष प्रो. राधेश्याम झा, प्रो. वी. भुवनेश्वरी, प्रो. वीके. श्रीवास्तव, प्रो. विशेष शर्मा, डॉ. प्रितेश व्यास मौजूद रहे।


