देहरादून रेलवे स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान
देहरादून में दून रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता पखवाड़े के तहत अभियान चलाया गया। बीएस नेगी एमपीपीएस पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्राओं ने सफाई की और यात्रियों को डिजिटल टिकट बुकिंग के बारे में जागरूक किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल सेवाओं के उपयोग से समय की बचत होती है।

देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। दून रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बीएस नेगी एमपीपीएस पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। छात्राओं ने स्टेशन परिसर में सफाई कर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने छात्राओं और यात्रियों को रेल वन मोबाइल एप के माध्यम से टिकट बुकिंग सहित रेलवे की विभिन्न डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी। यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट लेने और रेलवे की ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल से यात्रियों को टिकट लेने में सुविधा मिलती है और समय की भी बचत होती है।
अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस मौके पर अपर मंडल प्रबंधक प्रेम शंकर झा, सहायक मंडल प्रबंधक प्रांजन जैन, वाणिज्य अधिकारी, वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल और स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

