आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का 15 सितंबर से आंदोलन शुरू
देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन की बैठक

देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन की बैठक में आंगनबाड़ी, आशा वर्कर और भोजन माताओं की मांग पूरी न होने पर रोष जताया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का 15 सितंबर से आंदोलन शुरू होगा। बुधवार को कांवली रोड स्थित सीटू कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान ने कहा कि मार्च 2024 में हुए आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी, आशा वर्कर और भोजन माताओं के पदाधिकारियों से भेंट कर उनका मानदेय बढ़ाने को लेकर एक हाईपावर कमेटी की घोषणा की थी। लेकिन अभीतक उसपर कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यूनियन 15 सितंबर को जिला मुख्यालय और ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। 17 सितंबर को सचिवालय कूच किया जाएगा। इस अवसर पर सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, जिला महामंत्री लेखराज, आंगनबाड़ी यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष जानकी रावत, महामंत्री चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पाण्डेय, महिला समिति की अध्यक्ष माला गुरुंग, सुनीता रावत आदि उपस्थित रहे।


