यात्री वाहनों की थोक बिक्री में 21 फीसदी वृद्धि संभव
देश में यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर करीब 21 प्रतिशत बढ़कर 4.60 लाख इकाई रहने का अनुमान है। प्रमुख वाहन कंपनियों ने दहाई अंक की वृद्धि दर्ज की है। त्योहारी मौसम के पहले बिक्री में वृद्धि देखी जा रही है, हालांकि इस बार पिछले साल की तुलना में दर कम रहने की संभावना है।

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री सितंबर में सालाना आधार पर करीब 21 प्रतिशत बढ़कर 4.60 लाख इकाई रहने का अनुमान है। यह पिछले साल के करीब 3.78 लाख इकाई रही थी। इस दौरान प्रमुख वाहन कंपनियों ने दहाई अंक यानी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की। अक्टूबर में शुरू होने वाले त्योहारी मौसम से पहले वाहन कंपनियों ने डीलर को आपूर्ति बढ़ाई, जबकि मांग भी मजबूत बनी रही। हालांकि, एक साल पहले जीएसटी दरों में बदलाव से पहले करीब 22 दिन तक बिक्री प्रभावित होने के कारण आधार प्रभाव कम था। उद्योग को अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में नवरात्रि से शुरू होकर नवंबर के दूसरे सप्ताह में दिवाली तक चलने वाले त्योहारी मौसम में मजबूत मांग रहने की उम्मीद है। हालांकि, इस त्योहारी मौसम में वृद्धि दर पिछले साल की तुलना में कम रह सकती है। पिछले साल नई जीएसटी दरें लागू होने के बाद त्योहारी अवधि में दबी मांग आने से बिक्री में तेजी आई थी。
मारुति की बिक्री 37 फीसदी बढ़ी
देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया की घरेलू थोक बिक्री सितंबर में 37 फीसदी बढ़कर 1,81,838 इकाई हो गई। कंपनी का कुल निर्यात 44,219 इकाई रहा, जो करीब स्थिर है। वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की थोक बिक्री 15 फीसदी बढ़कर 68,810 इकाई रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री 14 फीसदी बढ़कर 64,092 इकाई और हुंदै मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री 10.9 फीसदी बढ़कर 57,166 इकाई हो गई। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया की थोक बिक्री 19 फीसदी बढ़कर 8,018 इकाई रही। निसान मोटर इंडिया की घरेलू थोक बिक्री दोगुनी होकर 3,300 वाहन पहुंच गई।

