बिना तलाक दिए पति पर दूसरी शादी करने का आरोप
मेरठ के किला परीक्षतगढ़ निवासी लक्ष्मी सिंह ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज और नकदी लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने बिना तलाक के दूसरी शादी कर ली। मामले की जांच शुरू हो गई है।

मेरठ जनपद के किला परीक्षतगढ़ निवासी एक महिला के साथ उसके पति और ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज और नकदी लाने का दवाब बनाया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। महिला का आरोप है कि पति ने बिना उसे तलाक दिए ही दूसरी शादी कर ली है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मेरठ जनपद के किला परीक्षतगढ़ निवासी लक्ष्मी सिंह ने महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2018 को देहात थाना क्षेत्र की कल्हड़ बस्ती निवासी अंकित सिंह के साथहुई थी।
विवाह के बाद से ही उसके पति अंकित सिंह, सास मीना सिंह, ससुर रविंद्र सिंह दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह उस पर अंतिरिक्त दहेज और नकदी लाने का दवाब बनाते। जब वह विरोध करती तो उसके साथ आए दिन गाली-गलौच व मारपीट की जाती। उसका एक पुत्र है, जिसकी उम्र छह साल है। एक साल पहले ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया।कुछ दिनों पहले उसे जानकारी हुई है कि उसकी सास-ससुर ने बिना उसके तलाक दिलाए ही उसके पति अंकित की दूसरी शादी करा दी है। जब उसे बात का पता लगा तो उसने विरोध किया। जिस पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, वह तारीख पर जाती रही,लेकिन, पति नहीं आया। इसलिए मजबूरी में उसने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया। डीएम के आदेश पर महिला थाने में पति अंकित सिंह, सास मीना सिंह, ससुर रविंद्र सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


