साहब, मुझे व मेरे चार बच्चों को पति और ससुराल वालों से बचा लो
बरेली में, रेशमा देवी नामक महिला अपने चार बच्चों के साथ डीएम कार्यालय पहुंची। उसने पति और ससुराल वालों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया और सुरक्षा की मांग की। डीएम ने मामले की जांच के लिए पुलिस को निर्देश दिए। रेशमा का कहना है कि पति बच्चों की जरूरतों की अनदेखी कर रहा है।

बरेली। एक पीड़ित महिला अपने चार बच्चों के साथ बुधवार को डीएम अविनाश सिंह के कार्यालय पहुंची। उसने अपनी आपबीती सुनाकर पति समेत ससुराल वालों पर गम्भीर आरोप लगाए और खुद की व अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की। डीएम ने पूरा मामला सुनने के बाद संबंधित पुलिस अफसर को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। भोजीपुरा क्षेत्र के गांव बुझिया जनूबी निवासी रेशमा देवी के मुताबिक उसकी शादी 14 साल पहले मान सिंह पाल से हुई थी। उनके चार बच्चे हैं। आरोप है कि पिछले कुछ समय से परिवार में लगातार विवाद चल रहा है। रेशमा ने आरोप लगाया कि उसकी देवरानी के कारण घर में विवाद होता है और पति व ससुर भी उसका पक्ष लेते हुए उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं।
बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति अपनी कमाई से बच्चों के भरण-पोषण और पढ़ाई का खर्च नहीं देता। आरोप लगाया कि पति अपनी कमाई दूसरी जगह खर्च कर देता है, जिससे बच्चों की जरूरतें पूरी करने में उसे परेशानी उठानी पड़ रही है। रेशमा ने आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले पति, ससुर और देवरानी ने उसके साथ मारपीट की थी। इस दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और कई टांके लगाने पड़े। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।


