दहेज उत्पीड़न में शौहर समेत पांच पर केस
शादी के तीन दिन बाद दहेज की मांग को लेकर हीना बानो के साथ पति और ससुराल वालों ने उत्पीड़न किया। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की, तो दिलीपपुर पुलिस ने उसके पति और सास-ससुर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाबा बेलखरनाथ धाम, हिन्दुस्तान संवाद। शादी के कुछ ही समय बाद दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और सीढ़ी से धक्का देकर घर से बाहर निकालने का मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई थी। एसपी के आदेश पर दिलीपपुर पुलिस ने शौहर, सास, ससुर, ननद और बुआ समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के पूरे सुजात उड़ैयाडीह निवासी हीना बानो पुत्री मो. मुस्तफा का निकाह नौ फरवरी को कोतवाली नगर क्षेत्र के पूरे पितई करनपुर निवासी मो. इमरान के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के महज तीन दिन बाद से ही पति मो. इमरान, सास शकीला, ससुर शौकत अली, ननद रोजी और बुआ राबिया दहेज कम मिलने की बात कहकर ताने देने लगे और प्रताड़ित करने लगे।
एक माह बाद जब पीड़िता अपने मायके गई और आपबीती बताई, तो परिजनों ने समझा-बुझाकर उसे वापस ससुराल भेज दिया। पीड़िता का आरोप है कि 10 जुलाई को समझौते व पंचायत के बहाने उसके पिता को ससुराल बुलाया गया। वहां बात सुलझाने के बजाय आरोपियों ने पीड़िता के साथ जमकर मारपीट की और इतना ही नहीं, दबाव बनाकर पीड़िता के पिता से कोई कानूनी कार्रवाई न करने का पत्र लिखवा लिया। इसके बाद शौहर मो. इमरान ने पीड़िता को सीढ़ी से नीचे धक्का दे दिया और परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। मामले की शिकायत पीड़िता ने 15 जुलाई को एसपी से की थी। एसपी के आदेश के बाद दिलीपपुर पुलिस ने शौहर मो. इमरान, सास शकीला, ससुर शौकत अली, ननद रोजी और बुआ राबिया के खिलाफ घरेलू हिंसा मारपीट धमकी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष दिलीपपुर विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


