कुवैत से लौटे पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
सुलतानपुर के कुड़वार क्षेत्र में एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला का विवाह 13 साल पहले हुआ था, और उसे पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुलतानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अप्राकृतिक शारीरिक संबंध के साथ नियमों के विपरीत तीन तलाक का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र दिया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का निकाह 13 साल पहले हुआ था। शादी के बाद से ही पति, ससुर, देवर, ननद दिए गए दहेज से असंतुष्ट थे। आरोपियों ने पीड़िता के मायके वालों को कम हैसियत का ताना देते हुए अतिरिक्त दहेज में 'थार गाड़ी' की मांग की। इस मांग को लेकर पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पीड़िता ने अपने ससुर पर बुरी नजर रखने और छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया है। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत की, तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़िता के अनुसार, उसका पति कुवैत में काम करता है। कुवैत से लौटने पर जब पीड़िता ने उसे अपनी आपबीती बताई, तो पति ने भी दहेज की मांग को लेकर उसकी पिटाई की। आरोप है कि पति नशीली दवाओं का सेवन कर उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक संबंध बनाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। 28 जून की रात लगभग 9 बजे ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर पीड़िता के साथ फिर मारपीट की। इसी दौरान पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता के पहने हुए कपड़े, सभी गहने-जेवर छीन लिया। इसके बाद उसे जबरन बोलेरो गाड़ी में बैठाकर मायके छोड़ दिया गया। स्थानीय थाने पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। उनके प्रार्थना पत्र के आधार पर कुड़वार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।


