पश्चिम एशिया में अनिश्चितता से शेयर बाजार में नरमी, निफ्टी लगातार चौथे दिन गिरा
मुंबई में घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 70.71 अंक गिरकर 78,009.25 अंक और निफ्टी 29.85 अंक गिरकर 24,366 अंक पर बंद हुआ। एशियन पेंट्स, इंडिगो और भारतीय स्टेट बैंक जैसे शेयर गिरावट में रहे, जबकि भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक में बढ़त देखने को मिली।

मुंबई, एजेंसी। ऊंची तेल कीमतों और अमेरिका-ईरान गतिरोध के लंबे समय तक बने रहने से निवेशकों की धारणा प्रभावित होने से घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 71 अंक और निफ्टी में 30 अंक की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 70.71 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 78,009.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 395.59 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 77,684.37 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 29.85 अंक यानी 0.12 प्रतिशत गिरकर 24,366 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी में गिरावट का लगातार चौथा सत्र रहा।
शेयर बाजार प्रदर्शन
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स, इंडिगो, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 87.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
वैश्विक बाजार की स्थिति
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में ज्यादातर सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 510.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। पिछले कारोबारी सत्र के अंतिम दौर में हुई लिवाली से सेंसेक्स 113.61 अंक बढ़कर 78,079.96 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 40.10 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 24,395.85 अंक पर रहा।


