ज्वेलरी चुराकर भागने वाला नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार
पंजाबी बाग एक्सटेंशन में घरेलू सहायक के रूप में काम करने आए युवक ने 60 लाख रुपये के आभूषण चोरी किए और दिल्ली से फरार हो गया। युवक को पुलिस ने बिहार में नेपाल बॉर्डर के पास गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी से आरोपी की पहचान की।

पंजाबी बाग एक्सटेंशन इलाके में घरेलू सहायक की नौकरी पर आए युवक ने मौका मिलते ही घर से करीब 60 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए और दिल्ली से फरार हो गया। चोरी की ज्वेलरी लेकर वह नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पंजाबी बाग थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए उसे बिहार में नेपाल बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
आरोपी की पहचान 22 वर्षीय शशिकांत के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि 21 अगस्त को एक दिन पहले ही शशिकांत को घरेलू सहायक के तौर पर रखा था। नौकरी के अगले ही दिन उसने चारी की वारदात कर डाली। केस दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के भागने के संभावित रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर लोकेशन और तकनीकी निगरानी से उसकी लोकेशन बिहार के सुपौल जिले में मिली।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस टीम स्थानीय पुलिस की मदद से बेलाही गांव पहुंची, लेकिन भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया। जांच में उसके नेपाल की ओर भागने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और उसे कुणौली बॉर्डर के पास दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर घर में रखे संदूक से चोरी का सामान बरामद किया गया। इसमें करीब 450 ग्राम चांदी की प्लेट व सिक्के, तीन डायमंड चेन, सोने की चेन, डायमंड सेट, डायमंड रिंग, पांच डायमंड लॉकेट, दो कलाई घड़ियां और डायमंड ईयररिंग शामिल हैं।


